सकलडीहा तिराहे से अतिक्रमण हटाने को लेकर एसडीएम से मिले अधिवक्ता,बोले आएदिन लग रहा जाम

सकलडीहा तिराहे पर लगा जाम और एसडीएम से मिलते अधिवक्ता
चन्दौली सकलडीहा। सकलडीहा कस्बे में अलीनगर तिराहे पर एक बार फिर तीन घंटे लंबा जाम लग गया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और अधिवक्ताओं में भारी रोष देखा गया। बुधवार को डेमोक्रेटिक बार के संरक्षक और वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में वकीलों ने एसडीएम कुंदन राज कपूर से मुलाकात की।
अधिवक्ताओं ने एसडीएम से तिराहे पर पीडब्ल्यूडी की जमीन से अतिक्रमण हटाने और गोलंबर बनाने की मांग की। उनका तर्क था कि अतिक्रमण हटने से तिराहे पर पर्याप्त जगह मिलेगी, जिससे ट्रक और अन्य बड़े वाहन आसानी से मुड़ सकेंगे और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

दरअसल, चंदौली से सैदपुर वाया सकलडीहा सड़क का चौड़ीकरण कर फोर लेन हाईवे बनाया जा रहा है। सकलडीहा कस्बे में भी इस पर काम चल रहा है। वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार सिंह और रामबहादुर भारती ने बताया कि अलीनगर तिराहे के दोनों ओर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अतिक्रमण है, जिससे तिराहा संकरा हो गया है। इसी कारण बड़े वाहनों को मुड़ने में परेशानी होती है और अक्सर जाम लग जाता है। बुधवार को भी दो से तीन किलोमीटर लंबा जाम लगा था, जिससे तीन घंटे तक वाहनों के पहिए थमे रहे।
अधिवक्ताओं की मांग पर एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि तिराहे पर पीडब्ल्यूडी की जमीन है। संबंधित विभाग से रिपोर्ट मिलने पर अतिक्रमण ध्वस्त कराया जाएगा, ताकि यातायात सुचारु हो सके।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई अमरदेव पाल ने बताया कि जमीन चिन्हित कर ली गई है। संबंधित लेखपाल से जानकारी ली जा रही है कि वहां कितनी जमीन पीडब्ल्यूडी की है और कितनी ग्राम पंचायत की। उन्होंने कहा कि जल्द ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया जाएगा। यदि वे स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा, जिससे राहगीरों को जाम से मुक्ति मिल सके।














