रामशाला ग्राम सभा में पंचायत भवन पर लगाया गया सोलर पैनल, प्रधान द्वारा किया गया शुभारंभ

चन्दौली | शहबगंज | सैदूपुर
शहबगंज विकास खण्ड के अंतर्गत ग्राम सभा रामशाला में पंचायत भवन पर सोलर पैनल लगाए जाने से ग्राम पंचायत के कार्यों में अब बिजली की समस्या से राहत मिलेगी। ग्राम प्रधान के द्वारा सोलर पैनल का शुभारंभ किया गया।
पंचायत भवन में सोलर पैनल लगने से पंचायत सहायक को अब ऑनलाइन कार्य, सरकारी पोर्टल पर फीडिंग, प्रमाण पत्र निर्गमन सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों को करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। पहले बिजली कटौती के कारण पंचायत का कार्य प्रभावित होता था, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
ग्राम प्रधान ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप गांवों को आत्मनिर्भर और डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। सोलर पैनल से न केवल बिजली की समस्या दूर होगी, बल्कि इससे ऊर्जा की बचत भी होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पंचायत भवन में नियमित रूप से बिजली उपलब्ध होने से अब उन्हें प्रमाण पत्र, शिकायत दर्ज कराने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बार-बार भटकना नहीं पड़ेगा।
इस मौके पर पंचायत सहायक, ग्राम सचिव सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस कार्य के लिए ग्राम प्रधान की सराहना की।














