सपा विधायक का तहसील घेराव, SIR में नाम काटने का आरोप; 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

चंदौली सकलडीहा समाजवादी पार्टी (सपा) के सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ तहसील का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुंदन राज कपूर को 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि होली से पहले मांगें पूरी नहीं हुईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एसडीएम ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

विधायक प्रभुनारायण यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (SIR) के माध्यम से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि SIR में धांधली रोकी जाए और पात्र लोगों के नाम न काटे जाएं, जबकि अपात्रों के नाम जोड़े न जाएं।
मांग पत्र में गुरेरा-रामगढ़-नादी और मुगलसराय-भोपौली-चहनिया समेत विभिन्न मार्गों में अधिग्रहित किसानों की जमीन का उचित मुआवजा देने की मांग की गई। इसके साथ ही सकलडीहा बाजार में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण और छत निर्माण कार्य को पूरा कराने की बात कही गई। धान खरीद में बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने और किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल रही।

बिजली आपूर्ति को लेकर विद्युत निगम पर अनियमित कटौती का आरोप लगाते हुए दिन में सिंचाई के लिए बिजली देने, बिजली चेकिंग के नाम पर फर्जी मुकदमे और अवैध वसूली रोकने की मांग उठाई गई। जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों और गलियों की मरम्मत न होने तथा अधूरी पड़ी पानी की टंकियों को जल्द पूरा कराने की बात भी रखी गई।

सिंचाई विभाग की नहर पटरी सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने और मरम्मत की जांच, लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही सीसी सड़कों की पटरियां अनिवार्य रूप से बनवाने, सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। साथ ही सड़कों के किनारे झाड़ियों की सफाई और सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमे व उत्पीड़न रोकने की मांग उठाई गई।
इस दौरान अनिल यादव, प्रभात यादव, सुरेंद्र यादव, सिंटू यादव, केशव राजभर, बाबूलाल यादव, पुत्तुल यादव, सुभाष यादव, किसान नेता मनिदेव चतुर्वेदी समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














