
कार्यक्रम में जानकारी देती सिविल जज
चन्दौली सकलडीहा। सकलडीहा विकास खंड सभागार में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय प्री-मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें सिविल जज सीनियर डिवीजन व पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. इंदु रानी ने विभिन्न कानूनी और विधिक जानकारी दी।
शिविर के दौरान डॉ. इंदु रानी ने महिलाओं की प्रगति पर प्रकाश डाला और विधिक व कानूनी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं और अधिकारों के बारे में बताया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

सिविल जज डॉ. इंदु रानी ने समाज में जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और विधिक जानकारी को सभी तक पहुंचना चाहिए, ताकि लोग अपने अधिकारों को समझ सकें और उनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कुष्ठ रोग पर भी बात की और ऐसे व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने की शपथ लेने का आह्वान किया।
शिविर में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन, कृषि, बेसिक शिक्षा, राजस्व, स्वतः रोजगार, जलशक्ति, महिला कल्याण, बैंकिंग और पशुपालन सहित कई विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टॉल लगाकर लोगों को जानकारी दी। इस मौके पर बीडीओ विजय कुमार सिंह, एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय, विक्रांत श्रीवास्तव,धरहरा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन के बाद डॉ. इंदु रानी ने धरहरा स्थित मानसिक मंदित आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया।














