
चन्दौली सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र में एक दुकानदार पर हमला हुआ है। यह घटना मंगलवार देर रात करीब 10:30 बजे बथावर अंग्रेजी शराब दुकान के पास हुई। कुछ युवकों ने मारपीट कर दुकानदार अरविंद विश्वकर्मा को घायल कर दिया।
बथावर गांव निवासी 30 वर्षीय अरविंद विश्वकर्मा, ओमप्रकाश विश्वकर्मा के पुत्र हैं। वह अपनी आजीविका चलाने के लिए बथावर शराब ठेके के पास अंडे की दुकान लगाते हैं।
मंगलवार रात करीब 10:30 बजे अरविंद अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी पड़ोसी गांव के कुछ युवक शराब पीकर वहां आए और उनसे दुकान खोलकर अंडे देने की जिद करने लगे। अरविंद ने दुकान बंद होने की बात कहकर घर जाने को कहा।
पीड़ित के अनुसार, इस बात पर युवक हमलावर हो गए। उन्होंने ईंट से हमला कर अरविंद का सिर फोड़ दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया।
बुधवार को पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर इस संबंध में तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को पकड़ लिया गया है और अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














