30 बकरियों का ‘मास्टर चोर’ चढ़ा पुलिस के हत्थे, अवैध तमंचा और बाइक के साथ गिरफ्तार

चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बकरी चोरी गिरोह पर कसा शिकंजा
चंदौली चहनिया।जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अतुल कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने एक शातिर बकरी चोर को गिरफ्तार किया है।
यह गिरफ्तारी 15 फरवरी 2026 की देर रात सैदपुर पुल के पास की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी में अभियुक्त के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
अभियुक्त का खुलासा: 30 बकरियों की चोरी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साहिद कुरैशी उर्फ नीजु (24 वर्ष) पुत्र सफिक कुरैशी, निवासी रौजा द्वार वार्ड नंबर 04, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। उसके पास से बजाज पल्सर बाइक (UP61AN3196) भी बरामद की गई, जिसका इस्तेमाल वह वारदातों में करता था।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अब तक करीब 25 से 30 बकरियों की चोरी कर चुका है और उन्हें राह चलते अनजान लोगों को बेच देता था। उसने बताया कि वह दबाव बनाने और खुद को सुरक्षित रखने के लिए अवैध तमंचा रखता था, जिसे बिहार से खरीदा गया था।
पुराना आपराधिक इतिहास
साहिद कुरैशी के खिलाफ गाजीपुर के सादात थाने में पहले से ही चोरी, धोखाधड़ी और जालसाजी के कई मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में बलुआ थाने में मु0अ0सं0 39/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
इस सफल अभियान में शामिल रहे
• थानाध्यक्ष: अतुल कुमार
• उपनिरीक्षक: अमित कुमार सिंह
• हेड कांस्टेबल: उपेन्द्र कुमार सिंह
• कांस्टेबल: रमेश चौहान
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के पशुपालकों में राहत और विश्वास का माहौल है, वहीं बकरी चोरी करने वाले अन्य अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।














