बेलावार में सिंचाई विभाग की कार्रवाई से बवाल, किसानों की जमीन पर बिना सूचना खुदाई — मुआवजा नहीं मिलने से आक्रोश

चन्दौली / चकिया / सैदूपुर:
चकिया तहसील क्षेत्र के बेलावार ग्राम सभा में सिंचाई विभाग द्वारा किसानों की तहसीली जमीन पर अचानक खुदाई शुरू कर दिए जाने से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने न तो पूर्व में कोई सूचना दी और न ही भूमि के बदले किसी प्रकार का आर्थिक मुआवजा निर्धारित किया गया।
बताया जा रहा है कि संबंधित जमीन किसानों के नाम दर्ज तहसीली भूमि है। इसके बावजूद विभागीय टीम द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर खुदाई कार्य प्रारंभ कर दिया गया। जब किसानों को इसकी जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंचकर विरोध जताने लगे।

किसानों का कहना है कि यदि सरकार या विभाग को किसी परियोजना के लिए जमीन की आवश्यकता थी तो नियमानुसार अधिसूचना जारी कर मुआवजा तय किया जाना चाहिए था। बिना सूचना और बिना भुगतान के जमीन पर कार्य शुरू करना सीधे तौर पर किसानों के अधिकारों का हनन है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि या तो उनकी जमीन का उचित बाजार दर पर मुआवजा दिया जाए अथवा जमीन के बदले दूसरी जमीन उपलब्ध कराई जाए। अन्यथा वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इनमें राम सुधार यादव, कमल प्रजापति, प्रदीप कुमार, राधा कृष्ण, कुमारी देवी, मनीष कुमार शर्मा, प्रसाद सुनील कुमार, प्रेमचंद प्रजापति, प्रशान्त कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण समाधान की मांग की है। फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और लोग आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं।














