टूरिस्ट स्पॉट पर दबंगों का आतंक! लखनिया दरी में खुलेआम गुंडागर्दी…..?

पत्रकार बाबू चौहान की एक रिपोर्ट
लखनिया दरी (मिर्जापुर) जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लखनिया दरी स्थित हिनौता आरक्षित वन क्षेत्र में इन दिनों अवैध वसूली और पर्यटकों से बदसलूकी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि वन क्षेत्र के प्रवेश द्वार पर 5 से 6 लोग बिना किसी आधिकारिक वर्दी के डंडा लेकर खड़े रहते हैं और आने-जाने वाले पर्यटकों से जबरन पैसे वसूल रहे हैं।
पर्यटकों का आरोप है कि पैसे न देने पर उनके साथ गाली-गलौज की जाती है और धमकाया भी जाता है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी कुछ पर्यटकों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि मौके पर न तो वन विभाग के अधिकृत कर्मचारी दिखाई देते हैं और न ही ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इससे क्षेत्र की छवि खराब हो रही है और पर्यटकों में भय का माहौल बन रहा है।
मामले को लेकर जब प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि गार्ड की व्यवस्था ठेकेदारों के अधीन होती है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक ओर जहां लखनिया दरी अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, वहीं इस तरह की घटनाएं न केवल पर्यटन को प्रभावित कर रही हैं बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।



