उत्तर प्रदेशप्रशासनिकमिर्जापुर

वायरल वीडियो के बाद एक्शन: पर्यटकों से बदसलूकी पड़ी भारी, लखनिया दरी का ठेका सस्पेंड

लखनिया दरी (मिर्जापुर)। के अहरौरा स्थित लखनिया दरी जलप्रपात पर पर्यटकों से अवैध वसूली, गंदगी और दुर्व्यवहार के मामलों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभागीय वनाधिकारी(DFO) राकेश कुमार ने ठेकेदार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पार्किंग शुल्क वसूली का ठेका तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


वन विभाग की जांच में सामने आया कि पर्यटन स्थल पर सफाई व्यवस्था बेहद खराब थी और पर्यटकों से अभद्र व्यवहार की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सैलानियों से मारपीट और जबरन वसूली के दृश्य सामने आने के बाद विभाग हरकत में आया।


डीएफओ ने वाराणसी के ठेकेदार चंदन मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही ठेके के लिए जमा की गई जमानत राशि भी जब्त कर ली गई है। आदेश के अनुसार, अगली सूचना तक किसी भी प्रकार की पार्किंग या प्रवेश शुल्क की वसूली नहीं की जाएगी, जिससे पर्यटकों को राहत मिलेगी।


बताया जाता है कि ठेका मिलने के बाद से ही वहां विवाद की स्थिति बनी हुई थी। 29 मार्च को पिकनिक मनाने पहुंचे पर्यटकों और ठेकेदार के बीच पार्किंग और प्रवेश शुल्क को लेकर विवाद बढ़ गया था, जो मारपीट में बदल गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने तथा खबर चलाने के बाद विभाग ने सख्त कदम उठाया।


वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ठेका नियमों और शर्तों के अधीन दिया गया था, जिनका उल्लंघन होने पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!