
बिजली विभाग की लापरवाही से सैकड़ों घरों में ठप पड़ी बिजली, लालटेन के सहारे गुजर रही ज़िंदगी।
चन्दौली (चकिया/सैदूपुर):
चकिया तहसील क्षेत्र के छित्तमपुर गांव में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। गांव में पिछले एक महीने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे सैकड़ों परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। हालात इतने बदतर हैं कि आज़ादी के दशकों बाद भी ग्रामीणों को लालटेन और मोमबत्ती का सहारा लेना पड़ रहा है।
बिजली होते हुए भी छित्तमपुर गांव अंधेरे में
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली लाइन और कनेक्शन मौजूद हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते नियमित आपूर्ति नहीं की जा रही। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
छात्रों की पढ़ाई और ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित

बिजली नहीं होने से छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। वहीं ठण्ड के मौसम में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल चार्जिंग, पानी की मोटर और घरेलू कार्य पूरी तरह ठप हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामला टाल रहे हैं। यदि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
हर घर बिजली का दावा सवालों के घेरे में
सरकार की ‘हर घर बिजली’ योजना में सिर्फ कागज़ों तक सिमटी नज़र आ रही है। बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक ग्राम सभा छित्तमपुर गांव के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर रहेंगे?














