
सोनभद्र जनपद के करमा ब्लॉक अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता और घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत का मामला सामने आया है जिसमे ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से उच्च-स्तरीय जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है।
करमा ब्लॉक अंतर्गत दूधिया से सिरउट तक सड़क निर्माण कार्य में व्यापक अनियमितता और घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। जिसकी अनियमितता के जांच की मांग ग्रामीणों ने की है। ग्रामीणों का आरोप है कि करमा ब्लॉक से सटे दूधिया से सीरउट तक बन रही लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण कार्य में जेई नंदलाल सिंह और ठेकेदार सड़क और पुलिया का कार्य अनियमित तरिके से कर रहे हैं। इससे लोगों को यह जानकारी तक नहीं है कि यह सड़क किस विभाग द्वारा कितनी लागत में और किस प्रावधान के तहत बनाई जा रही है।

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में जेई और ठेकेदार के मिलीभगत का आरोप लगाया है। जिसमें कहा गया है कि गिट्टी की मोटाई मानक से काफी कम है। साथ ही तारकोल भी नाम मात्र डालकर खानापूर्ति की जा रही है । जिसकी पुष्टि तस्वीर देखकर लगाई जा सकती है
साथ ही घटिया गिट्टी और तारकोल को उपयोग में लिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि निम्न गुणवत्ता के कारण सड़क का जीवनकाल काफी कम हो जाएगा, जिससे कुछ ही दिनों में फिर से सड़क मरम्मत की आवश्यकता पड़ेगी और सरकारी धन का दुरुपयोग होगा।

ग्रामीणों ने विभागीय व जिला स्तरीय अधिकारियों से उच्च-स्तरीय जांच कराते हुए निर्माण कार्य को सरकारी मानकों के अनुसार कराने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी घोरावल ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत गंभीर है और निर्माण एजेंसी पर जल्द कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्रवासियों को एक गुणवत्तापूर्ण सड़क का लाभ मिल सके। वहीं मीडिया के माध्यम से शिकायत करने वालों में प्रमुख रूप से अनिल कुमार, भगवान दास, बसंत,सुदामा ,नरेश,अमरेश, राजू सहित कई ग्रामीण शामिल हैं।














