उत्तर प्रदेशखेलचंदौली

महादौड़ प्रतियोगिता–2026: अमरवीर इंटर कॉलेज मैदान में दिखा युवाओं का जोश, बाबूलाल और मनीषा बने विजेता।

चन्दौली धानापुरअमरवीर इंटर कॉलेज ग्राउंड में सोमवार दोपहर लगभग एक बजे महादौड़ प्रतियोगिता–2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू द्वारा किया गया, जिसमें जिले भर के युवक-युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। धावकों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थापन के लिए आयोजकों की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रतियोगिता में चन्दौली जिले के सैयदराजा, चकिया, मुगलसराय, सकलडीहा समेत सभी 9 ब्लॉकों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।


इस अवसर पर आयोजक एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को एक बड़ा मंच देना है। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार पर युवाओं के लिए भर्ती व्यवस्था न होने का आरोप लगाया। कहा कि भर्ती न होने से उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है।


डब्लू ने वर्ष 2015 में सेना भर्ती करवाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि वे 2027 में विधायक बनते हैं, तो चन्दौली में पुनः सेना भर्ती करवाई जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक की आलोचना करते हुए सेना भर्ती न करा पाने का आरोप भी लगाया।
प्रतियोगिता में लड़कों के लिए 1000 मीटर और लड़कियों के लिए 800 मीटर दौड़ आयोजित की गई।

लड़कों की श्रेणी में चनहता निवासी बाबूलाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मोटरसाइकिल जीती, जबकि लड़कियों की श्रेणी में जमुनीपुर की मनीषा राय ने प्रथम स्थान हासिल कर स्कूटी अपने नाम की। इसके अलावा शीर्ष 5 लड़कों और शीर्ष 5 लड़कियों को साइकिल देकर सम्मानित किया गया।


आयोजकों का कहना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं चन्दौली जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!