शिकारगंज पुलिस चौकी में शान से लहराया तिरंगा, जवानों ने दी राष्ट्रध्वज को सलामी।

तिरंगे की शान में झुके सिर, देशभक्ति के जज्बे से गूंजा शिकारगंज—स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस जवानों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान में पेश की अनुशासन और समर्पण की मिसाल।
भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा परिषर।
संवाददाता – अरविंद सिंह मौर्य
शिकारगंज/चकिया। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शिकारगंज पुलिस चौकी परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। चौकी परिसर में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। तिरंगा लहराते ही पुलिस जवानों ने अनुशासन और गर्व के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण का परिचय दिया।
स्वतंत्रता दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर पर पुलिसकर्मियों के चेहरों पर देशभक्ति का जज्बा साफ नजर आया। तिरंगे की आन-बान-शान के बीच पूरा चौकी परिसर राष्ट्रप्रेम के नारों और देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा।

पुलिस जवानों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अपने संकल्प को दोहराया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
वहीं चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने पूरे स्टाफ को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि पुलिस का प्रथम दायित्व जनता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से बिना किसी भेदभाव के फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है। सभी कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प लिया।



