चन्दौली बबुरी: उतरौत गांव में दर्दनाक हादसा, मिट्टी लदा डंपर पलटा, 5 वर्षीय मासूम की मौत, अन्य के दबे होने की आशंका

चन्दौली। जिले के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत उतरौत गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। मिट्टी लदा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिसकी चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम शिवांश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया, जबकि मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर (संख्या UP70 OT 8625) पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराया, जिससे खंभा टूटकर गिर गया। इसके बाद डंपर पलटते हुए सड़क किनारे मौजूद बच्चों और अन्य लोगों पर जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि चारों ओर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बबुरी थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा शहाबगंज व इलिया थाने की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। जेसीबी मशीन और अन्य संसाधनों की मदद से पलटे डंपर और मिट्टी को हटाकर दबे लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
मासूम शिवांश की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल व्याप्त है। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, दोषी चालक व संबंधित निर्माण एजेंसी पर सख्त कार्रवाई, तथा निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। डंपर की रफ्तार, ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी सहित सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














