
अदनान फाउण्डेशन ने मनाया 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस
धानापुर-चन्दौली। लोकतंत्र की मजबूती और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अदनान फाउण्डेशन के तत्वावधान में रविवार को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस “मेरा भारत, मेरा वोट” थीम के साथ पठानटोली में मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों विशेषकर युवाओं को मताधिकार के महत्व से अवगत कराना और उन्हें निष्पक्ष व निर्भीक मतदान के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अदनान फाउण्डेशन के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक एम अफसर खान सागर ने कहा कि मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाता पर टिकी होती है और प्रत्येक नागरिक का एक-एक वोट देश की दिशा और दशा तय करता है।
उन्होंने विशेष रूप से पहली बार मतदाता बने युवाओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के भय, दबाव या प्रलोभन से मुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में सहभागी बनें।
कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता पर चर्चा की गई तथा लोगों को मतदान प्रक्रिया, उसके सामाजिक प्रभाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि मतदान के प्रति उदासीनता लोकतंत्र को कमजोर करती है, जबकि जागरूक भागीदारी देश को सशक्त बनाती है।
इस अवसर पर अफरोज खान बाबू, अमानत खान, साहिल खान, आरिफ खान, हामिद अबरार, राशिद खान, रागिबुल, फ़ुज़ैल, मुकेश, रिजवान, सोनू सहित स्थानीय गणमान्य नागरिकों और युवाओं की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लोकतंत्र की मजबूती और शत-प्रतिशत मतदान के लिए संकल्प लिया।














