
चन्दौली सकलडीहा।एसडीएम कुन्दन राज कपूर ने परिवार न्यायालय का बकाया न चुकाने पर एक आरोपी की जमीन कुर्क कर दी है। यह कुर्क जमीन आगामी 20 फरवरी को दोपहर 2 बजे तहसील परिसर में नीलाम की जाएगी। इस कार्रवाई से बकाएदारों में हड़कंप मच गया है।
यह मामला तहसील क्षेत्र के जमुनीपुर गांव निवासी भरत राम से संबंधित है। उनकी पत्नी रुक्मणि देवी ने परिवार न्यायालय में मुकदमा दायर किया था। सुनवाई के बाद कोर्ट ने भरत राम पर 8 लाख 64 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।
तहसील की ओर से जुर्माने की वसूली के लिए नोटिस जारी की गई, लेकिन बकाएदार ने इसे नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद उसके खिलाफ वारंट जारी हुआ, जिस पर वह फरार हो गया। तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव की रिपोर्ट के आधार पर, एसडीएम कुन्दन राज कपूर ने आरोपी की जमीन कुर्क करने का आदेश दिया।एसडीएम कुन्दन राज कपूर ने बताया कि कुर्क की गई जमीन को 20 फरवरी को नीलाम किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बकाएदारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम कुन्दन राज कपूर, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, बिहारी यादव, रोहित सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।














