
बोर्ड लगवाते ग्रामीण और नायब तहसीलदार
चन्दौली सकलडीहा।कस्बे में नागेपुर ग्राम पंचायत की सरकारी जमीन को गुरुवार को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नायब तहसीलदार राजेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर तहसील प्रशासन का बोर्ड लगाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की।

यह जमीन सकलडीहा-अमावल मार्ग पर सड़क किनारे स्थित है और इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ भू-माफिया सरकारी जमीन के पीछे अपनी निजी जमीनें रजिस्ट्री कराकर इस सरकारी भूमि पर भी कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे।
इस मुद्दे पर कब्जाधारियों और ग्रामीणों के बीच कई बार टकराव की स्थिति बनी थी। ग्रामीणों ने लगातार विरोध प्रदर्शन किए और कई बार शिकायत पत्र भी दिए। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने जमीन पर तहसील प्रशासन का बोर्ड लगाने का निर्देश दिया।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव ने बताया कि अब ग्राम पंचायत की सभी सरकारी जमीनों पर इसी तरह के बोर्ड लगाए जाएंगे। ग्रामीण डॉ. इम्तियाज अहमद ने कहा कि बोर्ड लगने से जमीन सुरक्षित हो गई है और भू-माफिया अब अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाएंगे। इस दौरान संतोष राय, कमलेश यादव सहित बड़ी संख्या में अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे।














