डिलीवरी के बाद महिला की मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप—मचा बवाल

चकिया/चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के दुबेपुर स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुबेपुर स्थित बी एन सर्जिकल सेंटर में सोमवार सुबह एक महिला को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म तो हो गया, लेकिन शाम होते-होते महिला की हालत अचानक बिगड़ गई।
बिना ऑक्सीजन वाराणसी किया रेफर
परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद अस्पताल द्वारा महिला को बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का हंगामा, अस्पताल संचालक फरार

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित लोगों ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गया।
अवैध संचालन के आरोप
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त अस्पताल बिना मानक और बिना वैध रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहा था। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा मामले को दबाने और “मैनेज” करने की कोशिश की भी चर्चा तेज हो गई है।
जांच और कार्रवाई की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
पूरी खबर और अपडेट के लिए जुड़े रहें…



