टेकापुर में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों पर नही हुई कार्यवाही,पीड़ित परिवार में भय का माहौल

चन्दौली सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के टेकापुर गांव में बीते 26 फरवरी को हुए मारपीट मामले में। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज तो किया था। लेकिन दो सप्ताह बाद भी न तो दीवार खड़ी हो पाई और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई।ऐसे में पीड़ित परिवार में भय का माहौल है।और पीड़ित परिवार ने सोमवार को आरोपियों पर ठोस और कड़ी कार्यवाही की मांग किया है। पीड़ित पक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव पर भी आरोपियों को उकसाने का आरोप लगाया हैं।
पीड़ित मंशा तिवारी ने बताया कि जिस जमीन को लेकर यह विवाद हुआ है, उसका बंटवारा न्यायालय से हो चुका है। एसडीएम न्यायालय का फैसला उनके पक्ष में है। इसके अतिरिक्त, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर राजस्व और पुलिस की टीम तीन बार जमीन की पैमाइश भी की, जिसकी रिपोर्ट में यह जमीन मंशा तिवारी की बताई गई है।
मंशा तिवारी के अनुसार, बीते 26 फरवरी की दोपहर राजस्व और पुलिस की टीम ने मौके पर आकर जमीन की पैमाइश की थी और चार फीट की दीवार खड़ी की थी। प्रशासन ने पुष्टि की थी कि यह जमीन मंशा तिवारी की है। हालांकि, उसी रात करीब 8 बजे विपक्षी लामबंद होकर दीवार गिरा दिए। जब पीड़ित परिवार ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
इस हमले में मंशा तिवारी, उनके पति संपूर्णानंद तिवारी और देवरानी नीरज तिवारी घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया था। जहां से संपूर्णानंद तिवारी को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था।और उनके सिर में गम्भीर चोट की पुष्टी भी चिकित्सक कर चुके है।
मंशा तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने वीरेंद्र तिवारी, अतुल तिवारी, अभिषेक तिवारी, माधुरी तिवारी, सुधा तिवारी, किरन तिवारी और हिरामनी तिवारी सहित सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और अपनी जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की है।इस संबंध में एसडीएम कुन्दन राज कपूर ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। वही कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



