पुलिस चौकी के सामने तीसरी बार चोरी: चकिया की कंपोजिट शराब दुकान से ₹90 हजार नकद व महंगी शराब पार

पुलिस चौकी के सामने तीसरी बार चोरी: चकिया की कंपोजिट शराब दुकान से ₹90 हजार नकद व महंगी शराब पार
शटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर, व्यापारियों में भारी आक्रोश
चंदौली डीडीयू नगर।जनपद में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच शनिवार देर रात चकिया तिराहा स्थित कंपोजिट शराब की दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गए और करीब ₹70 से ₹75 हजार नकद के साथ लगभग ₹15 से ₹20 हजार कीमत की महंगी ब्रांड की शराब चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सबसे बड़ी बात यह है कि यह दुकान पुलिस चौकी के बिल्कुल सामने स्थित है। ऐसे में लगातार तीसरी बार हुई चोरी ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों और लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद चौकी इंचार्ज शिवपूजन बिंद भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
दुकान संचालक बोले — “तीसरी बार चोरी, अब समझ नहीं आता प्रशासन मजबूत है या चोर”
दुकान संचालक विवेक कुमार अग्रहरी ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी दुकान में इससे पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में कई बार पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत और प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा—
आज तीसरी बार चोरी हुई है। चोर शटर तोड़कर करीब 70 हजार रुपये नकद और महंगी शराब की बोतलें उठा ले गए। सबसे बड़ी बात यह है कि पुलिस चौकी के सामने लगातार चोरी हो रही है। अब समझ में नहीं आता कि प्रशासन मजबूत है या चोर। हमारी मांग है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।”
प्रधान धीरज ने कहा — अपराधियों में खत्म हो चुका है पुलिस का डर
खुर्द कलाँ के प्रधान धीरज ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार चोरी होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि पहले भी लाखों रुपये की चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
उन्होंने कहा—
“लगातार चोरी की घटनाओं से साफ है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है। पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।”
व्यापारी हरि जैसवाल ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय व्यापारी हरि जैसवाल ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाओं में लाखों रुपये का नुकसान हो चुका है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई। उन्होंने कहा—
“आज फिर 70 से 75 हजार रुपये नकद और महंगी शराब चोरी हुई है। पुलिस को सूचना दे दी गई है। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”
व्यापारियों में डर का माहौल लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस चौकी के सामने स्थित दुकान सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस सनसनीखेज चोरी की घटना का खुलासा कब तक कर पाता है और चोरों तक पहुंचने में कितनी सफलता मिलती है।



