प्रेमापुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वन भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण

जनपद चन्दौली/ चकिया क्षेत्र के प्रेमापुर गांव में वन विभाग ने शनिवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन भूमि को कब्जामुक्त कराया। वन विभाग की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार प्रेमापुर क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा वन विभाग की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण एवं अन्य गतिविधियां किए जाने की शिकायत लगातार मिल रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ता विकास प्रजापति ने वन विभाग के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से सूचना दी थी।
शिकायत मिलने के बाद चंद्रप्रभा वन रेंजर अखिलेश दूबे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राजस्व एवं वन विभाग की टीम के सहयोग से मौके का निरीक्षण किया और वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वन विभाग की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। ग्रामीणों ने विभागीय कार्रवाई को जरूरी बताते हुए वन भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।



