सूर्य अस्त, हरिपुर बाड़े पर चौक मस्त! शाम ढलते ही नशेबाजों का जमावड़ा, ग्रामीण परेशान……?

चकिया, चन्दौली
चकिया थाना क्षेत्र के हरिपुर बाड़े पर चौक पर इन दिनों शाम होते ही नशेबाजों का जमावड़ा लगने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूर्यास्त के बाद चौक पर शराबियों की भीड़ जुटने लगती है, जिससे आम नागरिकों, महिलाओं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, शाम ढलते ही कुछ लोग चौक पर बैठकर हो-हल्ला और शोरगुल शुरू कर देते हैं। रात बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों का चौक-चौराहों पर बैठना तक मुश्किल हो गया है।

लोगों का कहना है कि चौक के आसपास खुलेआम शराब सेवन किए जाने से सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और महिलाओं व बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि लाइसेंसी दुकानों की आड़ में अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शाम के समय नियमित पुलिस गश्त न होने के कारण आए दिन विवाद और कहासुनी की स्थिति बन जाती है। इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि चौक क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा शराब सेवन और संभावित अवैध बिक्री की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
हरिपुर बाड़े पर चौक बना नशेबाजों का अड्डा? ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग, प्रशासन की भूमिका पर सवाल!



