भीषमपुर के छठ घाट पर जगमगाई हाई मास्ट एलईडी लाइट, ग्रामीणों में खुशी की लहर….!

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह की पहल पर शिक्षक नेता अजय गुप्ता के अनुरोध से पूरी हुई मांग, छठ पर्व पर श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
पत्रकार- रितिक भारती की एक रिपोर्ट
चकिया (चंदौली)। ग्राम पंचायत भीषमपुर के पोखर स्थित छठ घाट पर 200 वाट की हाई मास्ट एलईडी लाइट लगने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। बुधवार को राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह के सहयोग से शिक्षक नेता एवं शिक्षक संघ चकिया के अध्यक्ष अजय गुप्ता के अनुरोध पर हाई मास्ट एलईडी लाइट स्थापित कराई गई। इसके बाद ग्रामीणों ने सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

अजय गुप्ता ने बताया कि पोखर पर प्रत्येक वर्ष लोक आस्था का महापर्व छठ बड़े श्रद्धाभाव से मनाया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं व्रत एवं पूजन के लिए पहुंचती हैं। इसके अलावा किसान, पशुपालक और आसपास के ग्रामीण भी इस स्थान का नियमित उपयोग करते हैं। अब हाई मास्ट एलईडी लाइट लग जाने से पूरे छठ घाट पर पर्याप्त रोशनी रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ सुरक्षा भी बढ़ेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस स्थान पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। हाई मास्ट लाइट लगने से न केवल छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, बल्कि वर्षभर ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान कन्हैया मल्लाह, रामजी सोनकर, किसान शर्मा, राजेश शर्मा, प्रदीप गुप्ता, चंदन गुप्ता, भरत मौर्य, अनिल प्रजापति, सुनील प्रजापति, मुकेश सोनकर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।



