उचेहरा चट्टी बनी शराबियों का गढ़! सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक जमावड़ा, अनियमित समय पर देशी शराब की बिक्री के आरोप….?

चकिया/चंदौली। उचेहरा चट्टी पर देशी शराब की बिक्री और शराबियों के जमावड़े को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि चट्टी पर निर्धारित समय के विपरीत देशी शराब की बिक्री किए जाने की चर्चा है। यही वजह बताई जा रही है कि सुबह करीब 5 बजे से लेकर रात 11 बजे तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह-सुबह ही शराब खरीदने वालों की आवाजाही शुरू हो जाती है और देर रात तक चट्टी पर नशे में लोगों का जमावड़ा दिखाई देता है। इससे आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और विशेषकर महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर शराबियों की मौजूदगी के कारण कभी भी विवाद अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
नियमों को ताक पर रखकर बिक्री का आरोप
ग्रामीणों का सबसे बड़ा सवाल शराब बिक्री के निर्धारित समय को लेकर है। आरोप है कि यदि देशी शराब की दुकान से तय समय के बाहर बिक्री हो रही है तो इसकी निगरानी कौन कर रहा है? क्या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही?
लोगों ने आबकारी विभाग से मांग की है कि उचेहरा चट्टी स्थित शराब की दुकान की अचानक जांच कर बिक्री के समय, स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और दुकान के संचालन की स्थिति की जांच की जाए। साथ ही निर्धारित समय के बाहर शराब बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
सुबह से देर रात तक जमावड़े पर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि चट्टी जैसे सार्वजनिक स्थान पर सुबह से देर रात तक शराबियों का जमावड़ा किसी भी दृष्टि से सामान्य स्थिति नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से भी नियमित गश्त बढ़ाने और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर उत्पात करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह है कि उचेहरा चट्टी पर अनियमित समय में देशी शराब की बिक्री के आरोप और लगातार लग रहे शराबियों के जमावड़े को लेकर आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है। फिलहाल ग्रामीणों की नजर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी है।



