भारी कोहरा और ठंड में चोरों का आतंक बढ़ा, गरीब परिवार की साइकिल चोरी….?

चन्दौली, चकिया/शहाबगंज।
चकिया सैदूपुर: सैदूपुर क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का फायदा उठाकर चोरों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। शहाबगंज विकासखंड के ग्राम सभा खोजापुर पंचायत अंतर्गत खोजापुर गांव में चोरी की घटनाएं बढ़ने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय निवासी संतराम चौहान (स्वर्गीय पुत्र कलिका चौहान) ने बताया कि रोज की तरह उन्होंने अपनी साइकिल घर के दरवाजे पर खड़ी की थी। ठंड और घने कोहरे के कारण शाम होते ही गांव में सन्नाटा पसर जाता है। इसी का फायदा उठाकर सोमवार शाम करीब 7 बजे अज्ञात चोरों ने गरीब परिवार की साइकिल चोरी कर ली।
पीड़ित परिवार का कहना है कि वही साइकिल उनके रोज़गार और दैनिक जीवन का एकमात्र साधन थी। साइकिल चोरी हो जाने से परिवार के सामने रोटी-रोज़ी का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सैदूपुर चौकी क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता केवल बाजार तक सीमित दिखाई देती है। चौकी इंचार्ज अनिल पांडेय सैदूपुर मार्केट में खड़ी गाड़ियों का चालान काटने में व्यस्त रहते हैं, जबकि चौकी से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित खोजापुर पंचायत में चौहान बस्ती में गरीब परिवार की साइकिल चोरी हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है, जिससे एक गरीब परिवार का सहारा छिन गया और उसका आशियाना उजड़ गया। वहीं, चौकी से सटे ग्रामीण इलाकों में चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सैदूपुर मार्केट में पूर्व में हुई कई चोरी की घटनाओं का आज तक खुलासा नहीं हो सका है, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे को लेकर लोगों में भारी निराशा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ठंड और कोहरे के इस मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और चोरी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई कर गरीब परिवारों को न्याय दिलाया जाए।














