उत्तर प्रदेशसोनभद्र

स्वच्छ भारत अभियान को ठेंगा दिखा रहा है।खलियारी मार्केट, गंदगी-कीचड़ से कराह रहा इलाका, जिम्मेदार मौन……?

यू पी सोनभद्र।
प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जहां स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, वहीं सोनभद्र जिले के खलियारी मार्केट की जमीनी हकीकत इन दावों पर करारा तमाचा साबित हो रही है। खलियारी मार्केट की बदहाल स्थिति देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि यहां स्वच्छ भारत अभियान पूरी तरह दम तोड़ चुका है।

खलियारी मार्केट क्षेत्र में बिना बारिश के ही सड़कों पर खुलेआम गंदा पानी बहाया जा रहा है। नालियों की अनदेखी और जलनिकासी की घोर लापरवाही के कारण सड़कें दलदल में तब्दील हो चुकी हैं। कीचड़ और जलभराव के चलते पैदल चलना तक दुश्वार हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन आए दिन फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंदगी के कारण मच्छर, मक्खी और जहरीले कीट पनप रहे हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया और त्वचा रोग जैसी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। खलियारी मार्केट के व्यापारी, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

सबसे गंभीर बात यह है कि यह सब जिला प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है। संबंधित विभागों और जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता साफ झलक रही है। यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य से सीधा खिलवाड़ है।

स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी सोनभद्र से मांग की है कि खलियारी मार्केट का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, नालियों की सफाई, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर कराया जाए

यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो यह समस्या किसी बड़े स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन चेतता है या फिर स्वच्छ भारत अभियान के नारे केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!