
चंदौली: जिले के चकिया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली तस्वीर (रील) सामने आई है, जिसमें एक युवा अवैध असलहे के साथ खुलेआम प्रदर्शन करते नजर आ रहा है.
“दबदबा था, दबदबा है,दबदबा बना रहेगा” जैसे भोजपुरी गाने पर हथियार लहराते एक युवक का फोटो सोशल मीडिया के फेसबुक प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल हो गया है. वायरल तस्वीर (रील) चकिया क्षेत्र के अलीपुर भगड़ा गांव का बताया जा रहा है.
वीडियो (रील) में युवक 2 नाली बंदूक के साथ 1 ट्रक के सामने कुर्सी पर बैठे हुए दबदबा जताने का प्रयास कर रहा है.
गाने की पंक्तियाँ और हथियार का प्रदर्शन इस युवा की मानसिकता को दर्शाता है कि वे दबदबा कायम रखने के लिए कानून की सीमा पार करने से भी नहीं चूकेंगे. वीडियो (रील) वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई है.
कब का है फोटो, अभी स्पष्ट नहीं…
थाना प्रभारी अतुल प्रजापति ने बताया कि वायरल फोटो कथित तौर पर अलीपुर भगड़ा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की है जो ट्रक चालक है जिसकी गहनता से जांच की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं,
हालांकि, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि फोटो कब शूट किया गया, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है. लेकिन सोशल मीडिया पर इसके प्रसार को देखते हुए पुलिस गंभीरता से मामले को लेकर सक्रिय हो गई है.














