15 दिनों से टूटे बिजली खंभे से हो रही आपूर्ति, बड़ा हादसा होने की आशंका।

चन्दौली सकलडीहा।33/11 केवी डबरीहा विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत ग्राम कम्हारी (सबलजलालपुर) में पिछले 15 दिनों से टूटा हुआ बिजली का खंभा जानलेवा बना हुआ है। इसके बावजूद उसी टूटे खंभे से बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्राम प्रधान दिनेश यादव ने बताया कि बीते 15 दिनों से इस गंभीर समस्या की जानकारी लगातार बिजली विभाग के लाइनमैन, जेई व एसडीओ को दी जा रही है, लेकिन विभाग की कुंभकर्णी नींद अब तक नहीं टूटी है।

टूटा हुआ खंभा कम्हारी से रहपुरी गांव को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर लटका हुआ है, जिससे रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थिति यह है कि स्कूली वाहन गांव तक नहीं पहुंच पा रहे, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वहीं गांव के किसान सुनील, मनोज, अशोक, संजय, गोलू सहित अन्य लोगों ने बताया कि रास्ता अवरुद्ध होने के कारण वे अपना धान मंडी तक नहीं पहुंचा पा रहे, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान दिनेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
इस संबंध में सकलडीहा के अधिशासी अभियंता बिपिन कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था, लेकिन मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।














