उत्तर प्रदेशचकियाचंदौली

चकिया तहसील क्षेत्र में भीषण तबाही : आंधी-तूफान के बीच गरीब परिवार का घर जलकर राख, पांच भैंसों की दर्दनाक मौत

चन्दौली/चकिया/ चन्दौली जनपद के चकिया तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बनभीषमपुर के तेनुई गांव में कल शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी और तूफान के बीच एक गरीब परिवार का आशियाना भीषण आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित राम अवतार के घर में उस समय अचानक आग लग गई, जब पूरे क्षेत्र में तेज आंधी और तूफान का कहर जारी था। तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा घर जलकर राख हो गया।

आग की इस भयावह घटना में घर में रखा सारा गृहस्थी का सामान, कपड़े, अनाज, नगदी और जरूरी सामान पूरी तरह स्वाहा हो गया। इतना ही नहीं, छोटी-बड़ी मिलाकर पांच भैंसें भी आग की चपेट में आ गईं और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

पीड़ित परिवार का कहना है कि भैंस, नगदी और गृहस्थी का सामान मिलाकर लगभग 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उनके सामने रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही सुबह प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मायूसी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!