उत्तर प्रदेशक्राइमचंदौली

तहसील गेट से दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद आरोपी—48 घंटे बाद भी कार्रवाई नहीं

चंदौली: चन्दौली जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला सदर तहसील परिसर के मुख्य गेट के पास का है, जहां दिनदहाड़े एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। हैरानी की बात यह है कि आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, फिर भी अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं।


मिली जानकारी के अनुसार, बबुरी थाना क्षेत्र के नवागढ़ शाहपुर निवासी दिलीप कुमार चौहान 18 अप्रैल 2026 को अपनी Hero Splendor Plus (UP67Y0320) बाइक जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, सदर चंदौली के मुख्य गेट के पास खड़ी कर तहसील में पीएम सम्मान निधि का फॉर्म जमा करने गए थे।


करीब सुबह 11 बजे से 12:40 बजे के बीच अज्ञात चोर मौके का फायदा उठाकर बाइक लेकर फरार हो गया। जब दिलीप वापस लौटे तो उनकी बाइक गायब थी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया, जिसमें आरोपी बाइक पर बैठकर जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित दिलीप चौहान ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दिया है।
इस मामले में थाना चंदौली में FIR संख्या 0167/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार को सौंपी गई है।


पीड़ित का आरोप है कि FIR दर्ज होने के 48 घंटे बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वह खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।
वहीं, मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार का कहना है कि “जांच जारी है, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।”


इस घटना ने तहसील परिसर जैसे संवेदनशील इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है और पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!