चंदौली में जमीन विवाद पर अधेड़ को गोली मारीः गंभीर हालत में वाराणसी रेफर, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र के डेहरी खुर्द गांव में रविवार देर शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। इस दौरान एक मनबढ़ व्यक्ति ने 42 वर्षीय अधेड़ को गोली मार दी।

गोली लगने से घायल व्यक्ति की पहचान तेजबली चौहान (42) के रूप में हुई है। गोली उनके पेट में लगी है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल तेजबली चौहान को तत्काल जिला चकिया संयुक्त अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ चकिया रघुराज, शहाबगंज पुलिस और चकिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

इस संबंध में चकिया क्षेत्र अधिकारी रघुराज ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। उन्होंने पुष्टि की कि रविवार को एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के तेजबली चौहान को असलहे से गोली मारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।














