दलित पर जानलेवा हमला एससी/एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में पांच पर मुकदमा दर्ज…?

चन्दौली/इलिया/ इलिया थाना क्षेत्र में दबंगई और मारपीट के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित शंकर राम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह अपने वाहन के साथ गांव पहुंचा था।
इसी दौरान पहले से मौजूद आरोपियों ने एकजुट होकर उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों तथा अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित को चोटें आईं, जबकि उसके वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पीड़ित की शिकायत पर इलिया पुलिस ने चंद्रशेखर पांडेय, जगदीश पांडेय, जयप्रकाश पांडेय, आशुतोष पांडेय एवं सत्यम पांडेय के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान जो भी तथ्य एवं साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से आम नागरिकों का कानून पर भरोसा और मजबूत होगा थाना प्रभारी चंदन राय ने बताया कि पीड़ित तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है मुकदमे की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी कर रहे हैं और टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दिया जा रहा है



