जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत, आप नेता ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार…?

संवाददाता- अरविंद सिंह मौर्य 8850543166
चंदौली : जनपद के इलिया, शहाबगंज और चकिया थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में बढ़ते आक्रोश के बीच सोमवार को आम आदमी पार्टी के विधानसभा चकिया अध्यक्ष राजेश द्विवेदी उर्फ मुन्नू गुरु ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए भैंस चोर गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कराने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
सौंपे गए प्रार्थना पत्र में राजेश द्विवेदी ने कहा कि इलिया थाना क्षेत्र के बेन, रोहाखी, परवन्नापुर, हड़ौरा और धनरिया सहित शहाबगंज थाना क्षेत्र के अरारी, तथा चकिया थाना क्षेत्र के लाठियाँ, शाहपुर और बरौआ गांवों में पिछले कुछ समय से भैंस चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इन घटनाओं के कारण पशुपालकों में भय का माहौल व्याप्त है और ग्रामीण रातभर जागकर अपने पशुओं की निगरानी करने को मजबूर हैं।

अभी हाल ही में 7-8 जुलाई की रात्री में ग्राम सभा अलीपुर भगड़ा से 4 व 1 जीयनपुरा से ट्यूबवेल पर बने मकान का ताला तोड़कर समर्सिबल के स्टेबलाईजर को तोड़कर उसका कीमती पार्ट निकाल लिया गया था जिसकी लिखित सूचना दी गई थी किन्तु 5 दिन हो जाने के बाद भी अभी उसका खुलासा नहीं हो सका है
उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उनका कहना था कि चोरी की घटनाओं का खुलासा न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं जिससे किसानों और पशुपालकों की मेहनत की कमाई पर लगातार डाका डाला जा रहा है।

राजेश द्विवेदी ने प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व में समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान आज़म खान की भैंस चोरी होने पर पुलिस ने एक ही दिन में उन्हें बरामद कर लिया था, लेकिन आज आम लोगों की भैंस चोरी होने पर महीनों बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो चोरी का खुलासा कर पा रही है और न ही पीड़ितों को न्याय मिल रहा है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि भैंस चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच कराई जाए, सक्रिय चोर गिरोह की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाकर ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाए।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रार्थना पत्र प्राप्त करने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया और कहा कि शिकायत के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे, ताकि पशुपालकों और किसानों की समस्या का समाधान हो सके…।



